अनुराग गुप्ता
देहरादून में जमीनों के लालच में अब भूमाफिया नदियों के प्राकृतिक अस्तित्व से भी खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। नाथूवाला पेलियो ग्राम पंचायत के अंतर्गत आसन नदी के प्राकृतिक बहाव को पुस्ता बनाकर मोड़ने का गंभीर मामला सामने आया। आरोप है कि नदी का रास्ता रोककर जमीन को बेचने योग्य बनाने की कोशिश की जा रही थी। इसका खामियाजा स्थानीय काश्तकारों को भुगतना पड़ रहा था, जिनकी उपजाऊ जमीन नदी के कटाव की भेंट चढ़ रही थी। ग्रामीणों के विरोध और शिकायतों के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर अवैध पुस्ते को ध्वस्त कर दिया। लेकिन सवाल यह है कि आखिर नदी के बहाव से छेड़छाड़ करने वाले इन भूमाफियाओं के खिलाफ केवल पुस्ता तोड़ने तक ही कार्रवाई सीमित रहेगी या इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जिम्मेदार लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा?
सवाल बड़ा है—नदी किसकी जागीर है, जो भूमाफिया उसका रास्ता तक बदलने लगे?
समापन: प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों को राहत जरूर मिली है, लेकिन अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्राकृतिक जलधारा से खिलवाड़ करने वालों पर आगे कितनी सख्त कार्रवाई होती है।
