मुंबई/देहरादून, 14 नवंबर। उत्तराखंड को देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बनाने और विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को मुंबई में ‘ज्ञान गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नवी मुंबई में उत्तरांचल महासंघ, मुंबई की ओर से आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही गढ़वाल भ्रातृ मंडल के तत्वावधान में महाराष्ट्र की विभिन्न उत्तराखंडी संस्थाओं ने भी उनका अभिनंदन किया।
समारोह में शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने उत्तराखंड की पूर्ण साक्षरता उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए इसका श्रेय प्रदेश की जनता, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले सभी लोगों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति या सरकार की नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी का परिणाम है।
डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने वाला देश का पहला राज्य रहा है। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए विद्या समीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से शिक्षकों, विद्यार्थियों और शैक्षणिक गतिविधियों की वास्तविक समय में निगरानी की जा रही है। इससे शिक्षा व्यवस्था की कमियों को चिह्नित कर सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिल रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में औसतन प्रत्येक 15 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक उपलब्ध है। सरकार का लक्ष्य सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) को शत-प्रतिशत तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अब सरकार का विशेष ध्यान शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, प्रत्येक बच्चे तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने और आजीवन सीखने की संस्कृति विकसित करने पर है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्ण साक्षरता हासिल करना केवल सरकारी उपलब्धि नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सशक्तीकरण की दिशा में बड़ी सफलता है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों की सराहना करते हुए कहा कि वे देश के किसी भी कोने में रहें, उनकी जड़ें अपनी मातृभूमि से हमेशा जुड़ी रहती हैं। मुंबई में मिला यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और संपूर्ण शिक्षा व्यवस्था का सम्मान है।
कार्यक्रम में उद्यमी के.एस. पंवार, मोहन काला, रमन मोहन कुकरेती, आनंदी गैरोला, डॉ. राजेंद्र पाटिल, मनोज भट्ट, मनोज सती, ममता भट्ट, राजेश्वर उनियाल और विनोद मेहता सहित महाराष्ट्र की विभिन्न उत्तराखंडी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी मौजूद रहे।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को मुंबई में मिला ‘ज्ञान गौरव सम्मान’
उत्तराखंड को देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बनाने पर उत्तरांचल महासंघ ने किया सम्मानित, प्रवासी उत्तराखंडियों ने भी किया अभिनंदन
1
