उत्तरकाशी । उत्तराखंड में मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। गुरुवार को उत्तरकाशी और चंपावत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च’ निकालकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। दोनों जिलों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई।
उत्तरकाशी में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से बस अड्डे तक मार्च करते हुए पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने बांह पर काली फीती बांध रखी थी। बस अड्डे के पास पुतला फूंकने के दौरान कांग्रेसियों ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची और कथित वोट चोरी से जुड़े सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के पास पहुंचे। यहां संविधान के अनुच्छेद 326, जो वयस्क मताधिकार का संवैधानिक आधार है, का वाचन किया गया। कांग्रेस ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र की मूल शर्त है। चंपावत में भी कांग्रेस का प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मोटर स्टेशन स्थित गांधी चौक पर जुटे। कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और गांधी चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाते हुए सूची में हुए बदलावों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों की समीक्षा की मांग भी उठाई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहे हैं। पार्टी ने इन आरोपों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस के प्रदर्शन में उत्तरकाशी में कमल सिंह रावत, कनकपाल परमार, विजेंद्र नौटियाल, सुधीश पंवार, शीशपाल पोखरियाल, भगत सिंह, एकादशी, जावेद खान और अनुराग रांगड़ समेत कार्यकर्ता शामिल रहे।
वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च से गरमाई सियासत, कांग्रेस ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला
1
