गोपेश्वर, 14 अगस्त। चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने घायल श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि श्रमिकों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान बेहद कीमती है और टनल में फंसे हर श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है और बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं वार्ता की है। उन्होंने यह भी बताया कि टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
टनल हादसे के घायलों से मिले सीएम धामी
4
