काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों और सुझावों को सुना तथा विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड छोटा राज्य जरूर है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बड़े हैं और उनमें अपने सपनों को पूरा करने का सामर्थ्य भी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड का कोई भी प्रतिभाशाली बेटा-बेटी अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे। शिक्षा के क्षेत्र में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
देहरादून में बनेगी देश की पांचवीं बड़ी साइंस सिटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। इसके अलावा प्रदेश में स्टेम लैब, विज्ञान एवं नवाचार गतिविधियों तथा बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा नौकरी तलाशने वाले के साथ-साथ रोजगार देने वाले भी बनें। इसके लिए स्टार्टअप, नवाचार और आधुनिक डिमांड-बेस्ड स्किल्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसरों के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए राज्य में औद्योगिक एवं रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और कौशल विकास के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि युवाओं को अपने ही राज्य में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अपने उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके।
अग्निवीरों के भविष्य के लिए बनेगा अग्निवीर सेल
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने में युवा आयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अग्निवीरों के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय को लेकर गंभीर है और अग्निवीरों के भविष्य के लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई चुनौती के साथ एक बड़ा अवसर भी है। युवाओं को बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा और विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में हो रहे नए शोधों से लगातार जुड़ना होगा।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
भ्रष्टाचार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो टोल फ्री नंबर 1064 अथवा संबंधित मोबाइल ऐप पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों पर जांच की जाती है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे बचाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा के युवा वास्तविक कर्णधार हैं। युवाओं की सोच, प्रतिभा और मेहनत देवभूमि को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
युवाओं को राज्य में ही मिलेंगे शिक्षा और रोजगार के अवसर: धामी
पलायन रोकने पर सरकार का जोर, अग्निवीरों के भविष्य के लिए बनेगा अग्निवीर सेल
2
