देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे आत्मीयता से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद किया और उनके साथ समय बिताया। संस्थान का वातावरण स्नेह, अपनत्व और आत्मीयता से भर गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण केवल सरकार का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की चुनौतियों को पार किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों के स्नेह और उनके चेहरों की खुशी को उन्होंने जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।
दिव्यांग बच्चों के बीच मुख्यमंत्री धामी ने मनाया जन्मदिन, बच्चों संग काटा केक
4
