टनकपुर, 30 जुलाई। विश्व मानव तस्करी निरोध दिवस के अवसर पर रूरल एनवायरमेंटल एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसायटी (रीड्स) एवं मानव सेवा संस्थान (SEVA) के संयुक्त तत्वावधान में नगर पालिका परिषद सभागार, टनकपुर में मानव तस्करी, बाल संरक्षण एवं महिला सुरक्षा विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस, सामाजिक संगठनों, महिला समूहों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने मानव तस्करी को समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। रीड्स की कार्यक्रम समन्वयक किरण गहतोड़ी ने बताया कि संस्था वर्ष 2007 से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी की रोकथाम, महिलाओं एवं बच्चों के पुनर्वास तथा बाल संरक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही इस अपराध पर प्रभावी रोक लगा सकता है।
कोतवाल चेतन रावत ने मानव तस्करी को संगठित अपराध बताते हुए नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं सब इंस्पेक्टर गुरविंदर कौर ने साइबर माध्यमों से बढ़ते अपराधों और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर युवाओं को जागरूक किया।
पूर्व सैनिक कुंवर सिंह भण्डारी, मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, जिला मंत्री हंसा जोशी, चाइल्ड हेल्पलाइन की भावना गिरी तथा संस्था सचिव गिरिजा किशोर उप्रेती ने महिलाओं की शिक्षा, बाल संरक्षण, सामुदायिक जागरूकता और समय पर सूचना को मानव तस्करी रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह एवं महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए समाज में व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अध्यक्ष अनिल लोहनी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित करीब 32 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
तस्करों के खिलाफ एकजुट हुआ टनकपुर, मानव तस्करी रोकने का लिया संकल्प
10
