हमारी चौपाल
देहरादून, 12 जुलाई। नई दिल्ली के दिल्ली हाट में चौथे मेघालय पाइनएप्पल फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ हुआ। यह महोत्सव मेघालय के प्रीमियम गुणवत्ता वाले अनानास को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के साथ किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डोनर) एवं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम में उद्योग जगत, रिटेल कंपनियों, निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
मेघालय सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में री-भोई, गारो हिल्स, खासी हिल्स और जयंतिया हिल्स के प्रसिद्ध अनानास को प्रदर्शित किया गया। अपनी प्राकृतिक मिठास, कम अम्लता और उच्च ब्रिक्स गुणवत्ता के कारण मेघालय का अनानास देश-विदेश में विशेष पहचान बना चुका है।
महोत्सव के दौरान फ्लिपकार्ट और नेशनल ई-मार्केट सर्विसेज लिमिटेड (नेएमएल) के साथ हुए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) से राज्य के किसानों को संगठित रिटेल नेटवर्क, डिजिटल मार्केटप्लेस और संस्थागत खरीदारों तक सीधी पहुंच मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के नेतृत्व में मेघालय ने किसानों को केंद्र में रखकर विकास का एक प्रेरणादायी मॉडल तैयार किया है। उन्होंने कहा कि मेघालय का अनानास और लकाडोंग हल्दी जैसे उत्पाद वैश्विक बाजारों में राज्य की नई पहचान बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों, युवाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को नए बाजारों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में यह महोत्सव किसानों और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का माध्यम बना है।
राज्य सरकार की एकीकृत कृषि मूल्य श्रृंखला रणनीति के तहत उत्पादन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, भंडारण और विपणन को मजबूत किया गया है। इसके परिणामस्वरूप अब तक 100 मीट्रिक टन से अधिक अनानास देश और विदेश के संगठित बाजारों तक पहुंच चुका है। हाल ही में दुबई स्थित लुलु रिटेल के लिए भी मेघालय के अनानास की खेप निर्यात की गई।
मूल्य संवर्धन के कारण किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जहां ताजा अनानास लगभग 22 रुपये प्रति किलोग्राम बिकता है, वहीं फ्रीज-ड्राइड और अन्य मूल्यवर्धित उत्पादों की कीमत 1,500 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच रही है। इससे किसानों की आय में लगभग 80 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।
महोत्सव में आगंतुकों को मेघालय के ताजा अनानास, मूल्यवर्धित उत्पादों, व्यावसायिक बैठकों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनुभव मिल रहा है। दिल्ली हाट में आयोजित यह महोत्सव 12 जुलाई तक चलेगा।
