हमारी चौपाल 08 जुलाई, 2026
बीरोंखाल (पौड़ी)। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सतपुली और स्यूंसी झील परियोजनाएं चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में स्थापित करेंगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित करेंगी।
बुधवार को अपने क्षेत्र भ्रमण के पांचवें दिन सतपुली मंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुल्हाड में 1.23 करोड़ रुपये (123.18 लाख) की लागत से बनने वाले दो किलोमीटर लंबे कुल्हाड बैण्ड–किनसूर–भरवाड़ी–कैण्डुल–डलगांव–उमन–किनसूर मोटर मार्ग का शिलान्यास करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में विकास का नया अध्याय लिख रही है। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं भी सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना, जमरानी बांध और सौंग बांध जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। सतपुली में लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से 750 मीटर लंबी झील का निर्माण किया जा रहा है, जिससे वॉटर स्पोर्ट्स, पर्यटन और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
मंत्री ने बताया कि बीरोंखाल विकासखंड में 123.41 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित स्यूंसी झील (बैराज) परियोजना पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ जल संरक्षण, जल संकट के समाधान और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।
इस अवसर पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को और मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष सरवेन्द्र, जिला मंत्री बृजमोहन, बूथ अध्यक्ष दिगम्बर, सुरेन्द्र सिंह, गबर सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित, अनिता देवी, सुरेश कुमार तथा एसडीएम रेखा आर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
