Hamarichoupal
हरिद्वार, 30 जून।
जनपद हरिद्वार के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार द्वारा आगामी 3 जुलाई 2026 को झबरेड़ा स्थित देव फार्म हाउस में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें सिडकुल हरिद्वार और रुड़की की विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयां प्रतिभाग करेंगी।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि रोजगार मेले के माध्यम से लगभग 300 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य जनपद के शिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि मेले में इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.फार्मा, एम.फार्मा, स्नातक एवं परास्नातक योग्यता रखने वाले तथा 18 से 32 वर्ष आयु वर्ग के उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी शैक्षिक एवं प्रशिक्षण संबंधी मूल प्रमाण-पत्र, सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण-पत्र, बायोडाटा तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय समय प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार से संपर्क कर सकते हैं।
