Hamarichoupal,30,05,2026
देहरादून, 30 मई। क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार टर्नर रोड निवासी आयुष सैनी ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की।
चेकिंग के दौरान पिपलेश्वर मंदिर के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने नशे की लत के चलते मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषभ कुमार (21) और लक्ष्मण सिंह (20) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और वर्तमान में मोहब्बेवाला, देहरादून में रह रहे थे।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमन चड्डा, कांस्टेबल रणवीर शाह और कांस्टेबल संजय कुमार शामिल रहे।
