HamariChoupal,29,05,2026
डिजिटल युग में पत्रकारिता की साख पर मंथन, देवभूमि पत्रकार यूनियन ने किया विभूतियों का सम्मानदेहरादून। पत्रकारिता दिवस पर देवभूमि पत्रकार यूनियन (पंजी.) ने उत्तरांचल प्रेस क्लब में भव्य समारोह आयोजित किया। ‘डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता एवं फेक न्यूज की चुनौती’ विषय पर हुई गोष्ठी में मीडिया की गिरती साख और फेक न्यूज पर चिंता जताई गई।मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. बी.के.एस. संजय ने कहा, “मौजूदा दौर की पत्रकारिता ‘फास्ट फूड’ जैसी हो गई है। जल्दबाजी और सबसे पहले दिखाने की होड़ में खबरों की गहराई, फैक्ट-चेक और सत्यता पीछे छूट रही है, जो समाज के लिए घातक है।”मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक और वीसी एमडीडीए बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने सूचनाओं को सुपरफास्ट तो बनाया, पर फेक न्यूज का ग्राफ भी खतरनाक तरीके से बढ़ा है। उन्होंने जोर दिया कि समाज के प्रति जवाबदेही और तथ्यपरक पत्रकारिता ही मीडिया की साख बचा सकती है।विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री अशोक वर्मा, राज्यमंत्री विनोद उनियाल और कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भी विचार रखे। विषय वक्ता राज्यमंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन, पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट और प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के सामाजिक प्रभावों पर प्रकाश डाला। पंडित सुभाष जोशी और इंजीनियर विनोद कुमार नौटियाल ने भी सुझाव दिए।विभूतियों का सम्मान:
समारोह में समाज और पत्रकारिता में उत्कृष्ट कार्य के लिए कई विभूतियों का नागरिक अभिनंदन किया गया। भाकियू एकताशक्ति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा समेत दर्जनभर पत्रकार संगठनों के वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों को अंग वस्त्र, मोतियों की माला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा ने की और संचालन प्रदेश महासचिव डॉ. वी.डी. शर्मा ने किया। इस मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, जिला अध्यक्ष हरीश खनेडा, जिला महासचिव नवीन जोशी, जिला कोषाध्यक्ष रजत शर्मा समेत प्रदेशभर से आए सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।
