Hamarichoupal,29,05,2026
ऋषिकेश, 29 मई। देवभूमि ऋषिकेश के पावन गंगा तट पर शुक्रवार शाम श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने परमार्थ निकेतन घाट पहुंचकर विधिवत गंगा पूजन एवं भव्य गंगा आरती में सहभाग किया।
वेद मंत्रों की गूंज, भजन-कीर्तन और दीपों की दिव्य आभा के बीच आयोजित गंगा आरती में देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व शांति की कामना की गई। आरती के दौरान घाट पर उपस्थित श्रद्धालु आध्यात्मिक उल्लास में सराबोर नजर आए।
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा हैं। उन्होंने कहा कि संत परंपरा ने हर कठिन समय में समाज को दिशा देने का कार्य किया है और उत्तराखंड जैसी देवभूमि पूरे देश को आध्यात्मिक प्रेरणा प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक चेतना आज विश्व को आकर्षित कर रही है तथा गंगा और भारतीय संस्कृति का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि ने मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मानव सेवा का संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ने की बात कही तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद जी गिरी, निरंजन अखाड़े के महामंडलेश्वर कैलाशानंद जी गिरी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, सांसद अनिल बलूनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक रेनू बिष्ट सहित अनेक संत-महात्मा, अधिकारी, श्रद्धालु एवं देश-विदेश से आए पर्यटक मौजूद रहे।
