Hamarichoupal,29,05,2026
देहरादून, 29 मई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पुनरीक्षण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएं तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं के नाम सावधानीपूर्वक हटाए जाएं। उन्होंने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का गहन अध्ययन कर कार्य करने को कहा।
बैठक में डीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और सुपरवाइजरों को व्यापक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में पटवारियों के माध्यम से सत्यापन कराने को भी कहा गया। उन्होंने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा हो सके।
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के लिए समय पर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन सितंबर माह में किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि 7 जून तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कार्मिकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे। इसी दौरान नए पोलिंग बूथों का अंतिम निर्धारण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रथम ड्राफ्ट प्रकाशित होगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी तथा 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होगी।
जनपद देहरादून की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 80 हजार 800 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर अभियान के तहत अब तक 11 लाख 1 हजार 437 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 80.38 प्रतिशत है। शेष मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया जारी है।
अभिनव शाह ने बताया कि जिले में कुल 1882 मतदेय स्थल हैं। इनमें भाजपा द्वारा 1836, कांग्रेस द्वारा 1443 तथा सीपीआई द्वारा 378 बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नागरिक ईसीआई-नेट एप एवं टोल फ्री नंबर 1950 के माध्यम से निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में सभी ईआरओ, सहायक ईआरओ एवं निर्वाचन कार्यों से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
