Hamarichoupal,29,05,2026
Anurag Gupta
देहरादून, 29 मई। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए देहरादून, ऋषिकेश और मसूरी क्षेत्र में कई निर्माणों को सील किया तथा अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। संयुक्त सचिव गौरव चटवाल और एसडीएम ऋषिकेश एवं मसूरी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
एमडीडीए की टीम ने माजरा, सुद्धोवाला, बड़ोवाला, शिमला बाईपास रोड, डिस्पेंसरी रोड, ऋषिकेश और मसूरी क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई अवैध व्यवसायिक परिसरों को सील किया गया, जबकि अवैध प्लॉटिंग और निर्माणों को जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
ऋषिकेश के निर्मल बाग ब्लॉक-ए में लगभग तीन बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। एमडीडीए के अनुसार उक्त भूमि पर बिना वैधानिक स्वीकृति के प्लॉट काटे जा रहे थे। वहीं मसूरी के दलाई हिल्स, हैप्पी वैली क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें ध्वस्त किया गया।
देहरादून शहर में डिस्पेंसरी रोड स्थित एक अवैध व्यवसायिक निर्माण को सील किया गया। इसके अलावा अंबेडकर नगर, बड़ोवाला शिमला बाईपास और माजरा सहारनपुर रोड क्षेत्र में भी कई व्यवसायिक निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण का कहना है कि संबंधित भवन स्वामियों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नियमों का पालन नहीं किए जाने पर कार्रवाई करनी पड़ी।
अभियान के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, शशांक सक्सेना, अजय मलिक, राजेंद्र बहुगुणा, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति निर्माण कार्य शहर की सुनियोजित विकास व्यवस्था और पर्यावरणीय संतुलन को प्रभावित करते हैं। वहीं एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने लोगों से भवन निर्माण से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की।
