Hamarichoupal,26,05,2026
देहरादून। देवभूमि के सपूतों ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। देहरादून निवासी मेजर अखिलेश भट्ट के नेतृत्व में एनएसजी की 16 सदस्यीय टीम ने 23 मई को सुबह 3:26 बजे माउंट एवरेस्ट 8,848.86 मीटर पर सफल आरोहण किया। काठमांडू से मात्र 20 दिन में शिखर तक पहुंचना दुर्लभ रिकॉर्ड है।
अभियान का नेतृत्व इंद्रापुर, देहरादून निवासी मेजर अखिलेश भट्ट ने किया। वे मूलतः घनसाली, टिहरी गढ़वाल के हैं। डिप्टी लीडर पौड़ी के सूबेदार सुरेश कुमार बेबनी रहे। शिखर पर पहुंचने वाले अन्य जवानों में चमोली के नायक राहुल सिंह, अल्मोड़ा के नायक पंकज सिंह दोसाद और उत्तरकाशी के कमांडो गौतम बुटोला शामिल रहे।
अक्टूबर 2025 में टीम ने मेजर भट्ट के नेतृत्व में माउंट सतोपंथ 7075 मीटर फतह किया था। इसके बाद लाहौल-स्पीति में शीतकालीन प्रशिक्षण लिया और माउंट कानामो 5975 मीटर पर चढ़ाई की। महीनों की योजना और सैन्य अनुशासन ने एवरेस्ट विजय का रास्ता तैयार किया।
एनएसजी प्रवक्ता ने कहा कि यह मिशन ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ ध्येय का जीवंत उदाहरण है। उत्तराखंड सरकार और देशवासियों ने इन वीर सपूतों को सलाम किया, जिन्होंने विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा और देवभूमि का स्वाभिमान दोनों लहराए।
