Hamarichoupal,25,05,2026
देहरादून।नव नियुक्त जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में प्रशासनिक प्राथमिकताएं तय कीं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, वरना अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
डीएम ने सीएम घोषणाओं की नियमित समीक्षा और परियोजनाओं में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए। पॉक्सो, साइबर क्राइम और नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। एन-कोर्ड व्यवस्था को प्रभावी बनाकर नशा नियंत्रण अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा पर डीएम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर सुधार कार्य करने को कहा। भूमि धोखाधड़ी और अवैध कब्जों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए सार्वजनिक परिवहन सुरक्षित बनाने और संवेदनशील क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट मजबूत करने को कहा।
स्वच्छता पर जोर देते हुए जलाशयों की सफाई और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए। डेंगू नियंत्रण के लिए सक्रिय केस हंटिंग और जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा।
डीएम ने अधिकारियों से जनहित में कम से कम पांच नए प्रोजेक्ट तैयार करने और सफल नवाचारों को देहरादून में लागू करने की संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
बैठक में सीडीओ अभिनव शाह, एडीएम केके मिश्रा समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल जुड़े।
