देहरादून। नेहरूग्राम रिंग रोड स्थित मां दुर्गा देवी सामुदायिक केंद्र परिसर में गढ़वाली कॉलोनी लेन नंबर-02 की महिलाओं की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अरुणा रावत, सुनीता रावत, रिंकी रावत, सुनीता गुसाईं, रेनू नेगी और ज्योति नेगी के संयुक्त प्रयास से किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गढ़वाली और कुमाऊंनी गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और समारोह में चार चांद लगा दिए। इसके साथ ही म्यूजिकल चेयर, तंबोला, प्रश्नोत्तरी, रैंप वॉक, बिस्कुट गेम, कप गेम सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। म्यूजिकल चेयर में सुनीता रावत, बिस्कुट गेम में अल्पना रावत, कप गेम में नैना तथा अन्य गेम में अंजना बिष्ट विजेता रहीं। विजेता महिलाओं को सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं। आयोजक अरुणा रावत ने कहा कि तीज महोत्सव का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को घर-परिवार की जिम्मेदारियों से कुछ समय निकालकर अपनी प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गृहणियां अपने व्यस्त जीवन से कुछ समय स्वयं के लिए निकालकर ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई ऊर्जा और उत्साह महसूस करती हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के चलते अपनी प्रतिभा को मंच नहीं दे पातीं। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में महिलाओं के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी और उत्साह ने आयोजन की सफलता को दर्शाया। आयोजन समिति ने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि समाज के हर वर्ग की महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हों और अपनी प्रतिभा को सामने लाएं। इस बार भी महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने इस प्रयास को सफल साबित किया। हंसी-खुशी, संगीत, नृत्य और मनोरंजन से सराबोर तीज महोत्सव का समापन विजेता महिलाओं को शुभकामनाएं एवं सम्मान प्रदान करने के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि हरियाली तीज प्रकृति, प्रेम और अखंड सौभाग्य का पावन पर्व है, जो हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ नारी शक्ति और महिला एकता के उत्सव का भी प्रतीक है।
गढ़वाली कॉलोनी में धूमधाम से मनाया तीज महोत्सव महिलाओं ने
गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
0
