Hamarichoupal,29,06,2026
विकासनगर। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार में विकासनगर पुलिस ने एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से 24 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह कई बार जेल की हवा खा चुका है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली विकासनगर पुलिस पीठ ग्राउंड, डाकपत्थर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बुरहान नामक आरोपी को रोककर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 10.67 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकासनगर कोतवाली का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। पूछताछ में उसने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के साथ अतिरिक्त कमाई के लिए मजदूरों एवं टैक्सी चालकों को छोटी-छोटी पुड़ियों में स्मैक बेचता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। साथ ही उससे मिली जानकारी के आधार पर स्मैक की सप्लाई करने वाले बड़े तस्कर की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
