हमारी चौपाल
अनुराग गुप्ता
देहरादून/विकासनगर, 15 जुलाई। सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) सहसपुर में 15 से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों के चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
शिविर में स्त्री रोग, हड्डी रोग, फिजिशियन, ईएनटी, नेत्र रोग, सर्जरी, रेडियोलॉजी और एक्स-रे सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच एवं उपचार किया जा रहा है। विधायक ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर बेहतर जांच और उपचार की सुविधा मिल सके। विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, डॉ. मोहन सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
