Hamarichoupal,15,05,2026
विकासनगर : सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र आज लगातार दूसरे दिन भी मजदूरों के प्रदर्शन से गरमाया रहा। डिक्सन कंपनी के हजारों कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन उस वक्त उग्र हो गया जब कर्मचारियों ने नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों को नजरअंदाज कर रहा है। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में वेतन वृद्धि, सप्ताह में एक दिन की अनिवार्य छुट्टी और ओवरटाइम का सही भुगतान शामिल है।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी मजदूरों ने प्रदर्शन किया था। उस दौरान प्रशासन और प्रबंधन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने से कर्मचारियों का गुस्सा दूसरे दिन और बढ़ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुँची, वहीं विकासनगर समेत कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई। घंटों बातचीत चली लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। मजदूरों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
