देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और अनेक आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण संभव हुआ। राज्य निर्माण में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों और शहीद आंदोलनकारियों के परिजनों के सम्मान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि आंदोलनकारियों की भावनाओं और उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
शहीद राज्य आंदोलनकारियों को मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि
संघर्ष और बलिदान से ही अस्तित्व में आया उत्तराखण्ड राज्य : मुख्यमंत्री
5
