Hamarichoupal,27,05,2026
देहरादून। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने सभी जनपद प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
आईजी ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के दिशा निर्देशों का पूरी तरह पालन कराया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पर्व के दौरान नई परंपरा या प्रथा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी कार्यक्रम पूर्व के वर्षों की मान्यताओं और निर्धारित एसओपी के अनुसार ही संपन्न होंगे।
अफवाह और माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर रोक के लिए सोशल मीडिया सेल को सक्रिय रहने को कहा गया है। भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। आईजी ने चेताया कि शांति भंग करने का प्रयास करने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।
सभी क्षेत्रों में पर्व से पहले शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर जनता से संवाद बनाए रखने को कहा गया है।
आईजी गढ़वाल रेंज ने नागरिकों से अपील की है कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदेहास्पद गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।
