Hamarichoupal,23,06,2026
देहरादून, 23 जून। प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नई दिल्ली स्थित इफको मुख्यालय में इफको अध्यक्ष दिलीप संघानी से मुलाकात कर उत्तराखंड में कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र में इफको की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की। इस दौरान किसानों के हित में पूरे प्रदेश में ‘खेत बचाओ, जीवन बचाओ’ अभियान व्यापक स्तर पर चलाने तथा इफको के सहयोग से किसानों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।
डॉ. रावत ने कहा कि राज्य में प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य सुधार, जैविक कृषि और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इफको से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने का आग्रह किया।
इफको अध्यक्ष दिलीप संघानी ने उत्तराखंड में शीघ्र ही एक बड़े किसान सम्मेलन के आयोजन की घोषणा करते हुए कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में इफको के प्रबंध निदेशक के.जे. पटेल, विपणन प्रबंधक योगेंद्र कुमार, इफको निदेशक उमेश त्रिपाठी, प्रदीप चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
