सहसपुर। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री एवं त्रिकोण संस्था की निदेशक नेहा शर्मा ने मातृशक्ति के साथ दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए। शिवालिक नगर, शिवालिक ग्रामीण, सहसपुर और सिद्धोवाला मंडल में आयोजित इन कार्यक्रमों में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों तथा स्वयं सहायता समूहों एवं क्लस्टरों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान नेहा शर्मा ने महिलाओं से आत्मीय संवाद कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रेम, सद्भाव और एकजुटता का पर्व है। समाज और संगठन को मजबूत बनाने में मातृशक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने परिश्रम और हुनर के दम पर महिला स्वावलंबन को नई दिशा दे रही हैं।
नेहा शर्मा ने स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों की खरीदारी को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाना महिला आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सार्थक कदम है। हमारी छोटी-सी पहल किसी परिवार की दीपावली को खुशियों से भर सकती है। महिलाओं के श्रम और प्रतिभा को सम्मान देकर आत्मनिर्भर समाज के संकल्प को मजबूती दी जा सकती है।
उन्होंने मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश से सभी परिवारों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की। साथ ही कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं का आभार जताते हुए आपसी सहयोग और एकजुटता के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
सहसपुर के चारों मंडलों में नेहा शर्मा ने मातृशक्ति के साथ मनाई दीपावली, महिला स्वावलंबन पर दिया जोर
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को खरीदने की अपील, कहा- स्थानीय महिलाओं के हुनर को मिले प्रोत्साहन
4
