हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के साथ ही देश और उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा निरंतर प्रगति की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा पूरी की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गंगा पूजन एवं आरती के बाद मुख्यमंत्री धामी ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में प्रतिभाग किया। गंगा तट पर कैबिनेट बैठक का आयोजन राज्य सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत शासन को सचिवालय तक सीमित रखने के बजाय प्रदेश के विभिन्न जनपदों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विभिन्न जिलों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित कर स्थानीय जरूरतों, क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दे रही है। इससे पहले चम्पावत जिले के बनबसा में भी कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।
सरकार का मानना है कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित करने से स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं पर शासन का ध्यान केंद्रित होगा। साथ ही, क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप नीतिगत निर्णय लेने और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने में भी मदद मिलेगी।
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन,धामी कैबिनेट ने की सुख-समृद्धि की कामना
हरिद्वार में गंगा आरती के बाद मेला नियंत्रण भवन में हुई मंत्रिमंडल की बैठक, जिलों में कैबिनेट बैठकें आयोजित करने की पहल को आगे बढ़ा रही धामी सरकार
1
