देहरादून। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में जनहित से जुड़े तीन महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। इन फैसलों में बढ़ी हुई रॉयल्टी दरों से ठेकेदारों को राहत देने, शेष रह गए राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया निर्धारित करने और तीन क्षेत्रों के वनभूमि वाले गांवों को वन भूमि से डिनोटिफाई करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि करदायी संस्थाओं के ठेकेदारों से बढ़ी हुई दरों के अनुसार रॉयल्टी की वसूली नहीं की जाएगी। इस फैसले से संबंधित ठेकेदारों को आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही निर्माण कार्यों पर पड़ने वाले अतिरिक्त वित्तीय बोझ को कम करने में भी मदद मिलेगी।
वहीं, राज्य आंदोलनकारियों के शेष रह गए चिन्हीकरण को लेकर भी कैबिनेट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत अब तक चिन्हीकरण से वंचित रह गए राज्य आंदोलनकारियों को चिह्नित करने के लिए व्यवस्थित प्रक्रिया तैयार की जाएगी। इससे पात्र आंदोलनकारियों को सरकारी स्तर पर पहचान, सम्मान और नियमानुसार मिलने वाले लाभ का रास्ता खुल सकेगा।
इसके अलावा कैबिनेट ने देहरादून जनपद के बापूग्राम, नैनीताल जनपद के बिंदुखत्ता और ऊधमसिंह नगर जनपद के बग्गा चौवन स्थित वनभूमि के गांवों को वन भूमि से डिनोटिफाई करने की कार्रवाई के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है। इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए वन विभाग को प्रस्तावक विभाग बनाने का निर्णय लिया गया है।
कैबिनेट के इन फैसलों को निर्माण क्षेत्र को राहत देने, राज्य आंदोलनकारियों के लंबित चिन्हीकरण का समाधान करने और वनभूमि से जुड़े वर्षों पुराने मामलों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कैबिनेट के तीन अहम फैसले, ठेकेदारों को राहत; राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण का रास्ता साफ
बापूग्राम, बिंदुखत्ता और बग्गा चौवन के वनभूमि वाले गांवों को डिनोटिफाई करने पर कैबिनेट की सैद्धांतिक सहमति
5
