मथुरा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौ संरक्षण को भारतीय संस्कृति के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण हुआ। वहीं आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि है, जिसने संपूर्ण मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण को केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की आर्थिक मजबूती से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समिति गौ सेवा को पारंपरिक गोवंश संरक्षण से आगे बढ़ाकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ रही है। आज आवश्यकता है कि प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें, जिससे गौ संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य में पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यहां से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
हरिपुर-कालसी को धार्मिक पहचान दिलाने की पहल
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि के बीच मां यमुना के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना की पवित्र धारा दोनों क्षेत्रों को जोड़ती है। उत्तराखण्ड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रहा है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना के दर्शन और स्नान के बाद अपनी यात्रा प्रारंभ करते थे।
उन्होंने कहा कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है और मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
धामी ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों और प्रयासों से संभव है। नदियों और गोवंश का संरक्षण तथा अनुसंधान को नई दिशा देना आने वाली पीढ़ियों तक सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गौ संरक्षण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि पर सीएम धामी का जोर
मथुरा के गऊ-ग्राम में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास, गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने की पहल
5
