देहरादून। प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा माना जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। इसके साथ ही आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सरकार पुरस्कृत करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आम जनता की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आम लोगों को आपदाओं से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की एक अन्य घोषणा के तहत प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों को आपदा से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के तरीके बताएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियां आपदा प्रबंधन को चुनौतीपूर्ण बनाती हैं। प्रदेश को भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और जनजागरूकता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखण्ड में नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।
17 दिन तक चला था सिलक्यारा बचाव अभियान
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ बचाव अभियान चलाया। करीब 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मुख्यमंत्री ने इसे साहस, धैर्य, तकनीकी विशेषज्ञता और बेहतर टीमवर्क की ऐतिहासिक मिसाल बताया।
प्रदेश में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने आधुनिक तकनीक, स्थानीय समुदायों की सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल को आपदा प्रबंधन की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित किए गए हैं, जिनमें 2250 सदस्य शामिल हैं। वहीं, भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए प्रदेश में 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
आवासीय भवनों में आग की घटना अब मानी जाएगी आपदा, प्रभावितों को मिलेगी एसडीआरएफ मानकों के अनुरूप राहत
आपदा प्रबंधन दिवस पर मुख्यमंत्री धामी की चार बड़ी घोषणाएं, बचाव कार्यों में मदद करने वाले नागरिकों को किया जाएगा पुरस्कृत स्कूल-कॉलेजों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक बनेगा आपदा मित्र, पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भी मिलेगा प्रशिक्षण सिलक्यारा बचाव अभियान को बताया साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल
2
