रेनू शर्मा हरिद्वार
हरिद्वार, 3 अगस्त। सावन के प्रथम सोमवार पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के सुचारु दर्शन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सावन के पहले सोमवार पर बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिर पहुंच रहे हैं। ऐसे में सभी अधिकारी पूरी सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने परिवार के साथ दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपद की सुख-समृद्धि, प्रदेशवासियों के कल्याण तथा कांवड़ मेला-2026 के शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न होने की प्रार्थना की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में मौजूद शिवभक्तों को फल एवं पेयजल वितरित कर उनका स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने, प्रशासन का सहयोग करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील भी की।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन, पुलिस विभाग, सेक्टर अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
