Hamarichoupal,28,06,2026
देहरादून, 28 जून। राजेश्वर नगर फेज-2 स्थित पार्क के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यकरण कार्य पूर्ण होने के बाद रविवार को वार्ड-59 के सभासद संजीत बंसल ने विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर नागरिक कल्याणकारी समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव चंडी प्रसाद भट्ट ने किया। समिति के अध्यक्ष देव चंद उत्तराखंडी ने सभासद का आभार व्यक्त करते हुए पार्क एवं क्षेत्र की अन्य आवश्यक समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने पार्क से गंदे पानी की निकासी, लेन-7 में बरसाती पानी की रोकथाम, हैलोजन लाइट की व्यवस्था तथा पार्क के पौधों के लिए पानी के नल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।
इस अवसर पर सुनील टम्टा ने अपने संबोधन में पार्क के विकास का इतिहास साझा करते हुए इसके निर्माण और संरक्षण में योगदान देने वाले सभी जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को मिष्ठान एवं जलपान कराया गया। समिति के उपाध्यक्ष ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, मातृशक्ति, स्थानीय निवासी तथा नागरिक कल्याणकारी समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
