देहरादून, 7 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गढ़वाल आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को राजपुर रोड (अ.जा.) और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदेय स्थलों एवं सुनवाई शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं को जारी नोटिसों के निस्तारण और सुनवाई प्रक्रिया की मौके पर समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र मतदाताओं को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी न हो।
गढ़वाल आयुक्त ने राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के डीएवी इंटर कॉलेज करनपुर स्थित मतदेय स्थल संख्या-84, सेंट थॉमस कॉलेज क्रॉस रोड स्थित मतदेय स्थल संख्या-109 तथा मसूरी विधानसभा क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज डोभालवाला में आयोजित सुनवाई शिविरों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सुनवाई के लिए पहुंचे मतदाताओं से सीधे बातचीत कर यह जानकारी ली कि बीएलओ द्वारा उनसे किस प्रकार के दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि अनमैप्ड वोटर्स से वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली से संबंधित विवरण मांगा जा रहा है। उपलब्ध न होने की स्थिति में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों में से कोई दस्तावेज प्रस्तुत किया जा सकता है। वहीं एनोमली यानी विसंगति वाले मामलों में नाम अथवा संबंधी के नाम में मामूली त्रुटि होने पर निर्धारित मान्य दस्तावेज के आधार पर सुनवाई की जा रही है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि सुनवाई कक्ष में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मान्य दस्तावेजों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि मतदाताओं को सही जानकारी मिल सके। उन्होंने एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ को सख्त हिदायत दी कि निर्धारित दस्तावेजों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अनावश्यक मांग न की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की सुनवाई आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। मतदाताओं को अनावश्यक असुविधा या विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गढ़वाल आयुक्त ने सुनवाई प्रक्रिया के साथ ईआरओ नेट पर अपलोड की जा रही रिपोर्ट की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जैसे ही किसी नोटिस की सुनवाई पूरी हो, उसका विवरण तत्काल बीएलओ एप और ईआरओ नेट पर अपडेट किया जाए। इससे अभियान की प्रगति का वास्तविक और अद्यतन रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित होगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एनपी देवली समेत संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मतदाता सुनवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: गढ़वाल आयुक्त बीएलओ अनावश्यक दस्तावेज न मांगें, हर सुनवाई का तत्काल बीएलओ एप व ईआरओ नेट पर करें अपडेट
मतदाता सुनवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: गढ़वाल आयुक्त बीएलओ अनावश्यक दस्तावेज न मांगें, हर सुनवाई का तत्काल बीएलओ एप व ईआरओ नेट पर करें अपडेट
1
