Hamarichoupal,30,06,2026
प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी (टौंस नदी) पुल के पुनर्निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि पुल का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो अगले 10 दिनों के भीतर पुल को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
मंत्री ने बताया कि वर्षा और बाढ़ के कारण प्रभावित हुई इस महत्वपूर्ण परियोजना का पुनर्निर्माण लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग (PWD) और एनएचएआई के संयुक्त सहयोग से कराया जा रहा है। पुल निर्माण में पारंपरिक ओपन फाउंडेशन के स्थान पर अधिक सुरक्षित और मजबूत ‘वेल फाउंडेशन’ तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे पुल की मजबूती और दीर्घकालिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि नदी के दोनों किनारों पर आरसीसी रिटेनिंग वाल का निर्माण भी कराया जा रहा है। साथ ही पुल के अन्य तीन पिलरों को भी अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने के लिए सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में बाढ़ के दौरान किसी प्रकार का खतरा न रहे।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रणजीत सिंह तथा ओमपाल सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
