Hamarichoupal,05,05,2026
देहरादून,। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड में आगामी तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताते हुए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग, देहरादून के अनुसार 5 जून से 7 जून तक राज्य के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार 5 जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली चमकने तथा ओलावृष्टि होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों के साथ-साथ हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने, खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी संबंधित विभागों को संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
