Hamarichoupal,05,05,2026
देहरादून, 5 जून। देहरादून पुलिस ने करीब एक वर्ष पूर्व राजपुर क्षेत्र में हुई चर्चित हत्या का खुलासा करते हुए मामले के मास्टरमाइंड और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित भटेजा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपने सौतेले भाई अजय भटेजा की संपत्ति विवाद के चलते सुपारी देकर हत्या कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जाखन स्थित कृष्णा विहार निवासी अजय भटेजा की हत्या की सूचना मिलने पर थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से घटना में शामिल शूटर राजन उर्फ जैकी को 19 मई 2026 को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की हत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने हुमेरा उर्फ जोया को भी 23 मई 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की पूरी साजिश मृतक के सौतेले भाई अमित भटेजा ने रची थी। आरोपी अमित का अपने भाई अजय के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। अमित का आरोप था कि अजय उसे पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं दे रहा था और संपत्ति को अपनी ऐयाशी तथा शराबखोरी में बर्बाद कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक अमित भटेजा ने शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को अजय की हत्या करने के बदले जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा देने और उसके खिलाफ चल रहे एक आपराधिक मामले में मदद का लालच दिया था। योजना के तहत 25 मई 2025 को राजन और हुमेरा ने जाखन स्थित घर में अजय भटेजा का तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी। घटना के अगले दिन अमित कथित रूप से मृतक के कमरे से संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी उठा ले गया था।
पुलिस द्वारा लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बीच फरार चल रहे अमित भटेजा को शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक बैग में रखे कुछ संपत्ति और वाहनों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी अमित भटेजा (38) सहारनपुर का निवासी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
अमित भटेजा, निवासी शारदा नगर, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
राजन उर्फ जैकी, निवासी रामपुर मनिहारान, सहारनपुर।
हुमेरा उर्फ जोया, निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर।
पुलिस टीम थानाध्यक्ष राजपुर उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत तथा कांस्टेबल अमित कुमार सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई को सफल बनाया।
