देहरादून। चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने, एनेस्थीसिया की आधुनिक तकनीकों से चिकित्सकों को परिचित कराने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देहरादून के झाझरा स्थित गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल में 30 अक्टूबर से तीन दिवसीय 15वें राज्य स्तरीय वार्षिक एनेस्थीसिया सम्मेलन ‘आईएसएसीओएन-यूके 2026’ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का समापन 1 नवंबर को होगा। इसमें देशभर से एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षाविद् और युवा चिकित्सक हिस्सा लेकर आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर विचार-विमर्श करेंगे।
भारतीय एनेस्थीसियोलॉजिस्ट सोसायटी की उत्तराखंड राज्य इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का संयोजन गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग और देहरादून सोसायटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट द्वारा किया जा रहा है। सम्मेलन की थीम ‘द सीमलेस स्पेक्ट्रम ऑफ एनेस्थीसिया 360° – वाइटैलिटी, विजिलेंस एंड विजन’ रखी गई है। इसके अंतर्गत एनेस्थीसिया के क्षेत्र में हो रही वैज्ञानिक प्रगति, नई तकनीकों, सुरक्षित उपचार और मरीज-केंद्रित चिकित्सा सेवाओं पर चर्चा होगी।
सम्मेलन में बाल चिकित्सा एनेस्थीसिया, क्षेत्रीय एनेस्थीसिया, सांस की नली के प्रबंधन, गंभीर रोगियों की देखभाल, प्रसूति एनेस्थीसिया और दर्द प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही रोबोटिक सर्जरी, अल्ट्रासाउंड आधारित तकनीकों और एनेस्थीसिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर भी विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
व्यावहारिक प्रशिक्षण और शोध पर रहेगा जोर
सम्मेलन के दौरान विभिन्न कार्यशालाओं के माध्यम से चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। वैज्ञानिक चर्चाओं, परिचर्चाओं, वाद-विवाद, शोध प्रस्तुतियों और युवा चिकित्सकों के विशेष सत्रों के जरिए चिकित्सा क्षेत्र के अनुभवों और नवीनतम शोध का आदान-प्रदान किया जाएगा।
आयोजन का प्रमुख उद्देश्य एनेस्थीसिया चिकित्सा में नवीनतम वैज्ञानिक उपलब्धियों को बढ़ावा देना, चिकित्सकों के व्यावसायिक कौशल को विकसित करना और मरीजों को अधिक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करना है।
आयोजकों के अनुसार, यह सम्मेलन उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और वैज्ञानिक नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ ही देशभर के विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
देशभर के एनेस्थीसिया विशेषज्ञ आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर करेंगे मंथन
सुभारती अस्पताल में तीन दिवसीय सम्मेलन ‘आईएसएसीओएन-यूके 2026’ का आगाज कल, मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार पर होगा विशेष जोर
10
