Hamarichoupal,05,05,2026
विकासनगर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भूमि संरक्षण वन प्रभाग, कालसी (तिमली रेंज) द्वारा उप जिला न्यायालय विकासनगर परिसर में वृहद पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में न्यायपालिका, वन विभाग, बार एसोसिएशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण जागरूकता रैली के साथ हुई। रैली के माध्यम से लोगों को घटते वन क्षेत्र, बढ़ते प्रदूषण तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इसके उपरांत न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं वन विभाग के अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Inspired By Nature, For Climate, For Our Future” रही। इस अवसर पर वन विभाग ने “साँसें हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएं हम” का संदेश देकर आमजन से अधिकाधिक पौधारोपण करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का भी विशेष उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। जिस प्रकार माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रकृति भी मानव जीवन का आधार है और उसका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट जतिन मित्तल ने पर्यावरण संरक्षण अधिनियम-1986 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक एवं नैतिक दायित्व है।
वन क्षेत्राधिकारी पंकज ध्यानी ने बताया कि भूमि संरक्षण वन प्रभाग, कालसी द्वारा न्यायालय परिसर विकासनगर में 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में अपर जिला जज नंदन सिंह, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार श्रीवास्तव, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट जतिन मित्तल, वन क्षेत्राधिकारी पंकज ध्यानी, विकासनगर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि, अधिवक्ता तथा वन विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
