Hamarichoupal,27,06,2026
देहरादून, 27 जून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध आवासीय एवं व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र या नियमों के विपरीत किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एमडीडीए की टीम ने सबसे पहले दोहरण रोड स्थित आईटी पार्क के निकट पुनीत अग्रवाल द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया। जांच में निर्माण कार्य बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के संचालित पाया गया, जिसके बाद नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई।
इसके बाद जमन्नीवाला सिंगली रोड क्षेत्र में अरुण कुमार गुप्ता द्वारा कराए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण में निर्माण नियमों के विपरीत पाए जाने पर भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। अधिकारियों ने निर्माणकर्ता को भविष्य में बिना अनुमति निर्माण न करने की चेतावनी भी दी।
तीसरी कार्रवाई पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम सिटी सोसायटी में की गई, जहां राकेश सुरी द्वारा अवैध रूप से निर्मित बेसमेंट एवं ग्राउंड फ्लोर को सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार निर्माण स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं था, जिसके चलते वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान संबंधित अभियंताओं, सुपरवाइजरों और पुलिस बल की मौजूदगी रही। दोहरण रोड और जमन्नीवाला में सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता विदिता एवं सुपरवाइजरी टीम मौजूद रही, जबकि कैलाश पाम सिटी में सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता अभिजीत, सुपरवाइजर और पुलिस बल ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
एमडीडीए ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है और बिना स्वीकृति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे सभी निर्माण चिन्हित किए जा रहे हैं। उद्देश्य शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना और अवैध निर्माणों पर प्रभावी रोक लगाना है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने और निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीलिंग, ध्वस्तीकरण समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा नियमों के विपरीत किए गए निर्माणों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां लेने की अपील की।
