Hamarichoupal,23,05,2026
देहरादून। फिक्की फ्लो उत्तराखंड द्वारा चेयरपर्सन तृप्ति बहल के नेतृत्व में शुक्रवार को कृष्णा मेडिकल सेंटर में “सेहत और सुरक्षा” स्वास्थ्य जांच एवं वेलनेस स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में करीब 100 लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
यह कैंप अमृतसर आई क्लिनिक एंड लेसिक लेजर सेंटर और कृष्णा मेडिकल सेंटर के सहयोग से लगाया गया। इसका मकसद लोगों को समय पर जांच, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकृति पोखरियाल, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सिद्धांत खन्ना और डेंटिस्ट डॉ. गिगल रस्तोगी ने सेवाएं दीं। यहां नेत्र जांच, गैस्ट्रो जांच, डायबिटीज-ब्लड प्रेशर स्क्रीनिंग, फाइब्रोस्कैन, अल्ट्रासाउंड, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और दंत जांच की सुविधा दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हेल्थ, वेलनेस एवं लाइफ स्किल्स की लीड डॉ. गिगल रस्तोगी ने की। मौके पर डॉ. गीता खन्ना समेत फिक्की फ्लो की कई सदस्याएं और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
चेयरपर्सन तृप्ति बहल ने कहा कि ऐसे कैंप समाज में जागरूकता बढ़ाते हैं और लोगों को समय पर जांच के लिए प्रेरित करते हैं। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को हर वर्ग तक पहुंचाना और लोगों को सेहत के प्रति सजग बनाना फिक्की फ्लो उत्तराखंड का मुख्य उद्देश्य है।
