Hamarichoupal,27,06,2026
ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत कार्रवाई, HR-47H-9508 छोटा हाथी से 120 पेटी ‘9 ONE’ चंडीगढ़ मार्का अवैध शराब और ₹34,320 नकद बरामद, वाहन सीज
देहरादून : जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान हरियाणा से अवैध शराब लेकर आ रहे HR-47H-9508 नंबर के छोटा हाथी वाहन को पकड़कर उसमें सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वाहन से 120 पेटी ‘9 ONE’ चंडीगढ़ मार्का अवैध अंग्रेजी शराब तथा ₹34,320 नकद बरामद किए। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल्हाल चौकी पुलिस ने पांवटा साहिब की ओर से आ रहे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। पूछताछ के दौरान वाहन सवार शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद तलाशी में भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी जय सिंह (चालक), अमित कुमार और मंजीत के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में आबकारी अधिनियम की धाराओं 63/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, कांस्टेबल राजकुमार और होमगार्ड मनोज कुमार की टीम ने अंजाम दिया।
