देहरादून, 19 अगस्त 2026। उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन के उत्तराखण्ड प्रवास के अवसर पर बुधवार को लोक भवन, देहरादून में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपराओं, संस्कृति एवं कला के साथ-साथ भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता की मनोहारी झलक देखने को मिली।
सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने संगीत, नृत्य और अभिनय की विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखण्ड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों में देश की एकता, सांस्कृतिक समन्वय तथा ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को भी सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता का संदेश भी प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया गया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत की समृद्धता को रेखांकित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

