Hamarichoupal,27,05,2026
अल्मोड़ा। उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में मंगलवार को राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत कर विजेताओं को सम्मानित किया।
इस वर्ष नवाचार और सतत विकास में उल्लेखनीय कार्य के लिए 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही एसडीजी की जिला स्तरीय वार्षिक रैंकिंग में शीर्ष तीन स्थान पाने वाले 6 जनपदों को भी सम्मानित किया गया। रैंकिंग में रुद्रप्रयाग प्रथम, उत्तरकाशी व नैनीताल द्वितीय और बागेश्वर, चमोली व टिहरी तृतीय स्थान पर रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड कभी 10वें स्थान पर था, जो आज देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और विकास साथ चलें तभी संतुलित विकास संभव है। राज्य की जीडीपी में 7.23% और प्रति व्यक्ति आय में 4.1% की बढ़ोतरी हुई है। बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी आई है।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में श्रेष्ठ स्थान पीएम मोदी और सीएम धामी के संकल्पों का परिणाम है। प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने एसडीजी की अवधारणा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैडा, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, दर्जाधारी मंत्री गंगा बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, मेयर अजय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के, एडीएम युक्ता मिश्र समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
