Hamarichoupal,22,05,2026
देहरादून, 22 मई। जिला प्रशासन देहरादून ने कैंसर पीड़ित विधवा महिला सुनीता कलवार को आर्थिक सहायता और बच्चों की शिक्षा में मदद देकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। प्रशासन की पहल से जहां उनके बेटे का स्कूल में दाखिला कराया गया, वहीं बेटी की रुकी हुई पढ़ाई को ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के माध्यम से दोबारा शुरू कराया गया।
डोईवाला निवासी सुनीता कलवार ने जिलाधिकारी सविन बंसल से मिलकर अपनी आर्थिक और पारिवारिक परेशानियां बताई थीं। उन्होंने बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई व इलाज जारी रखना मुश्किल हो गया है।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने रायफल क्लब फंड से सुनीता को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही उनके पुत्र का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित कराया गया तथा पुत्री की शिक्षा को ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के तहत पुनः शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सुनीता कलवार का 11 जुलाई 2024 को जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में कैंसर का ऑपरेशन हुआ था और वर्तमान में उनका उपचार जारी है। जिला प्रशासन द्वारा परिवार को लगातार सहयोग और समन्वित सहायता प्रदान की जा रही है।
जिला प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जरूरतमंद और असहाय परिवारों के लिए उपचार, शिक्षा, रोजगार, ऋण राहत और आर्थिक सहायता से जुड़े सैकड़ों मामलों का मानवीय आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के जरिए कई जरूरतमंद बालिकाओं की शिक्षा को पुनर्जीवित कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
