उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को उत्तरकाशी जनपद की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने भीषण अग्निकांड में अपना घर और जीवनभर की जमा पूंजी गंवा चुके पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द साझा किया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर एक-एक पीड़ित की समस्याएं सुनीं और प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सर्दी का मौसम और संभावित बर्फबारी देखते हुए सबसे पहले सभी प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी को भी प्रतिकूल मौसम में परेशानी न उठानी पड़े।
अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ छह माह के लिए सुरक्षित रखा गया राशन भी नष्ट हो गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने आगामी छह माह के राशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की शिक्षा को लेकर भी विशेष चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत के अनुसार विद्यालय और शिक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिन परिवारों ने इस अग्निकांड में अपना आशियाना और जीवनभर की कमाई खो दी है, उनकी पीड़ा को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। सरकार का पूरा प्रशासनिक तंत्र और प्रत्येक अधिकारी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का मामला नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके जीवन में विश्वास एवं उम्मीद लौटाने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य विकास कार्यों पर भी काम किया जाएगा। हालांकि फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए राहत एवं सहायता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री द्वारा घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार जानकारी प्राप्त करने और स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने पर आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी, जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पवाणी गांव के अग्निकांड पीड़ितों को ₹5-5 लाख की मदद, मुख्यमंत्री धामी ने गांव पहुंचकर बांटा दर्द
छह माह के राशन की होगी व्यवस्था, बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित; सर्दी और बर्फबारी से पहले सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के निर्देश
9
