हरिद्वार। हरिद्वार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उत्तराखंड में भाजपा की विजय यात्रा निरंतर आगे बढ़ने का विश्वास जताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति और मार्गदर्शन को पार्टी के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह ने हिमालय की अडिगता और मां गंगा की अविरल धारा का उदाहरण देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड में भाजपा की विजय यात्रा लगातार आगे बढ़ेगी। उनका यह संदेश पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवतुल्य जनता एक बार फिर प्रदेश की अस्मिता, संस्कृति के संरक्षण और विकास के लिए भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय रक्षा मंत्री का मार्गदर्शन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को नए संकल्प और ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देगा।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अनिल बलूनी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के माध्यम से भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक एकजुटता, कार्यकर्ताओं के उत्साह और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, राजनाथ सिंह ने दिया विजय का मंत्र
धामी बोले—केंद्रीय रक्षा मंत्री का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं में भरेगा नई ऊर्जा, 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर
4
