हमारी चौपाल
देहरादून, 03 जुलाई।
एडिफाई वर्ल्ड स्कूल, देहरादून के विद्यार्थियों ने 13,615 फीट की ऊंचाई पर स्थित दरवा टॉप तक सफल ट्रेक पूरा कर साहस, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। विद्यालय की ओर से आयोजित ‘डोडीताल–दरवा टॉप ट्रेक अभियान’ का नेतृत्व विद्यालय के निदेशक एडवोकेट पंकज होलकर ने किया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना था।
ट्रेक की शुरुआत संगमचट्टी (4,430 फीट) से हुई। इसके बाद दल आगोड़ा गांव (7,382 फीट), बेबरा (8,000 फीट) और मांझी (10,050 फीट) होते हुए प्रसिद्ध डोडीताल (10,858 फीट) पहुंचा। यहां से कठिन चढ़ाई पार कर विद्यार्थियों ने 13,615 फीट ऊंचे दरवा टॉप पर पहुंचकर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता का करीब से अनुभव किया। साथ ही नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, धैर्य, विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता तथा टीमवर्क जैसे महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। विद्यालय का मानना है कि इस प्रकार के साहसिक अभियान विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के निदेशक एडवोकेट पंकज होलकर ने कहा कि वास्तविक शिक्षा केवल कक्षा और पुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि ऐसे अनुभव विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार बनाते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यालय इस प्रकार के अनुभवात्मक और साहसिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने ट्रेक पूरा करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के अभियान बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं तथा उन्हें जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामना करने के लिए प्रेरित करते हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह ट्रेक विद्यार्थियों के लिए रोमांच, सीख और प्रेरणा का अनूठा अनुभव साबित हुआ तथा एडिफाई वर्ल्ड स्कूल ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि वह शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और जीवन कौशल के विकास के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध है।
