Hamarichoupal,27,06,2026
देहरादून, 27 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील से प्रेरित होकर साइकिल को नियमित परिवहन का माध्यम बनाने वाले भाजपा कार्यकर्ता नवीन ठाकुर का शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने उत्साहवर्धन किया। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर नड्डा ने नवीन से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और ऊर्जा बचत की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल का उपयोग करें तो इससे पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि नवीन ठाकुर का अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है और इससे युवा भी प्रेरित हो रहे हैं।
नवीन ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 10 मई 2026 को ईंधन बचत की अपील किए जाने के बाद उन्होंने स्थानीय आवागमन के लिए साइकिल का उपयोग शुरू किया। तब से अब तक वे चार हजार किलोमीटर से अधिक साइकिल चला चुके हैं। उन्होंने बताया कि सहसपुर, विकासनगर, डाकपत्थर और देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय सहित सभी स्थानीय कार्यों के लिए वे साइकिल का ही उपयोग करते हैं।
उन्होंने बताया कि उनके घर से बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय की दूरी लगभग 37 किलोमीटर है। ऐसे में वे प्रतिदिन करीब 70 से 80 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेते हैं। वहीं उत्तरकाशी, पुरोला, टिहरी, कोटद्वार और चंपावत जैसे दूरस्थ जिलों की यात्राओं के लिए दोपहिया वाहन का उपयोग करते हैं, ताकि चारपहिया वाहनों के अनावश्यक उपयोग और ईंधन की खपत को कम किया जा सके।
नवीन ठाकुर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल स्वयं साइकिल चलाना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।
