ऋषिकेश(आरएनएस)। निर्जला एकादशी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। योगनगरी में निर्जला एकादशी पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दानकर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। इस दौरान घाटों पर मंत्रोच्चारों की गूंज सुनाई दी। गुरुवार को तड़के से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचने लगे और गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। निर्जला एकादशी के दिन श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद भगवान विष्णु की आराधना की और विधि-विधान के साथ व्रत एवं पूजन किया। गंगा घाटों पर दान-पुण्य करने वालों की भीड़ सुबह से ही नजर आई。
कई श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे:
कई श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। सनातन धर्म में निर्जला एकादशी को विशेष फलदायी व्रत माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु की आराधना और व्रत करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी विश्वास के साथ दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर अपनी आस्था व्यक्त की। दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों से श्रद्धालु ऋषिकेश पहुंचे।
स्नानघाटों पर सतर्क नजर आया प्रशासन:
एकादशी की भीड़ के चलते प्रशासन भी सतर्क नजर आया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। गोताखोर और गंगा घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। त्रिवेणीघाट पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रही। दोपहिया वाहनों को भी घाट तक नहीं जाने दिया गया। दोपहर बाद भीड़ छंटने पर राहत मिली।
वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया:
गुरुवार को भीड़ के चलते वाहनों का दबाव बढ़ गया। पुलिस को विभिन्न स्थानों पर वाहनों का रूट डायवर्ट करना पड़ा। हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। भारी वाहन चीला बैराज वैकल्पिक मार्ग से हरिद्वार भेजे गये। जबकि शहर के अंदर दबाव बढ़ने पर छोटे वाहन पुरानी चुंगी होकर भेजे गये। चंद्रभागा पुल पर भी वाहनों को चारधाम ट्रांजिट कैंप होकर भेजा गया। ऋषिकेश के नये कोतवाल यशपाल सिंह ने बताया कि वाहनों का दबाव बढ़ने पर विभिन्न स्थानों पर वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया।
गंगा पूजन कर सुख समृद्धि की कामना की:
निर्जला एकादशी पर ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज के सानिध्य में ईश्वर आश्रम, शीशम झाड़ी में विधि-विधान से मां गंगा का पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। अग्रवाल ने कहा कि निर्जला एकादशी का पर्व भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जो हमें संयम, श्रद्धा एवं आस्था का संदेश देता है। इस दौरान त्रिवेणीघाट पर आरती में पंडित वेद प्रकाश शर्मा, पार्षद रीना शर्मा, उषा जोशी आदि शामिल हुई।
निर्जला एकादशी पर गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
2
