देहरादून। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन देहरादून में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित समारोह में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।


इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री धामी ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं और धार्मिक विरासत समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करती हैं। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके उपदेशों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा प्रदेश और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भी प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती गीता धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य प्रशासनिक कार्मिक मौजूद रहे।
