देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उनके संघर्ष और त्याग को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। पृथक राज्य की मांग को लेकर मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने एकजुट होकर आंदोलन किया। उनके सामूहिक संघर्ष और संकल्प से ही उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हो सका। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।
धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। इन वर्षों में प्रदेश ने कई चुनौतियों के बीच सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है। सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन रोकने की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन संघर्षों और बलिदानों को याद करने का दिन भी है, जिनकी बदौलत उत्तराखण्ड को अलग राज्य का दर्जा मिला। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को सुरक्षित रखते हुए उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शहीदों के बलिदान से मिला उत्तराखण्ड, उनके सपनों का राज्य बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : धामी
राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पहुंचकर आंदोलनकारियों को किया नमन, विकास और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का लिया संकल्प
14
